Crime

बिष्टुपुर में महिला से पर्स छीनकर भाग रहा था बदमाश, भीड़ ने दबोच कर पुलिस को सौंपा

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक महिला से पर्स छीनकर भाग रहे युवक को लोगों ने पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। लगातार बढ़ती छिनतई की घटनाओं से शहरवासी दहशत में हैं।
घटना बिष्टुपुर थाना अंतर्गत कांट्रेक्टर एरिया की है। बागबेड़ा रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी निवासी महिला बसंती देवी गुरुवार रात किसी काम से कांट्रेक्टर एरिया आई थीं। वह पैदल जा रही थीं तभी पीछे से आए एक युवक ने उनका पर्स झपट लिया और भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बदमाश का पीछा किया और खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी गई और बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज कुमार और धतकीडीह निवासी बताया है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य मामलों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।
बता दें कि जमशेदपुर में छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। दो दिन पहले गोलमुरी में भी महिला तारा दुबे से 15 हजार रुपये नकद और मोबाइल की छिनतई कर ली गई थी। पुलिस शहर में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गश्त बढ़ाने की बात कह रही है।

Related Posts