Regional

आशियाना अनंतारा में सावन महोत्सव की धूम, नेहा गुप्ता बनीं सावन क्वीन

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर। सावन के पवित्र महीने का स्वागत करने के लिए मानगो स्थित आशियाना अनंतारा सोसाइटी की महिलाओं ने रविवार को पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ सावन महोत्सव का आयोजन किया। इस अवसर पर सोसाइटी परिसर को हरे रंग की थीम पर सजाया गया। महिलाओं ने हरे रंग की साड़ियां और हरी चूड़ियां पहनकर नृत्य और संगीत के माध्यम से सावन का स्वागत किया।

महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें मेहंदी लगाना, चूड़ी पहनना, सावन गीत, म्यूजिकल चेयर और शिव वंदना प्रमुख रहे। प्रतियोगिताओं का संचालन पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया और निर्णायक की भूमिका पूनम सिंह ने निभाई। मेहंदी प्रतियोगिता में प्रियंका सिंह ने पहला स्थान प्राप्त किया जबकि चंचल कुमारी उपविजेता रहीं। चूड़ी प्रतियोगिता में सोना सिंह विजेता बनीं और पूजा सिंह उपविजेता रहीं। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में ज्योति गुप्ता ने जीत दर्ज की जबकि अंजली गुप्ता उपविजेता रहीं। शिव वंदना प्रतियोगिता में दीपा सिंह विजेता रहीं और हिना गुप्ता को दूसरा स्थान मिला।

कार्यक्रम में ड्रेस गेटअप प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ जिसमें सुमन देवी विजेता रहीं और माधवी वर्मा तथा खुशबू सिंह उपविजेता घोषित की गईं। खुशबू सिंह ने अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।

 

दिनभर चले इस महोत्सव का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब ओवरऑल विजेता नेहा गुप्ता को सावन क्वीन के रूप में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने मिलकर भगवान शिव के भजनों का सामूहिक गायन किया और एक-दूसरे के सुहाग और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

इस महोत्सव में सोना सिंह, पूनम सिंह, दीपा सिंह, खुशबू सिंह, प्रियंका सिंह, पूजा सिंह, श्वेता सिंह, चंचल सिंह, नेहा गुप्ता, अंजलि गुप्ता, हिना गुप्ता, ज्योति गुप्ता, सुमन देवी और माधवी वर्मा सहित सोसाइटी की अनेक महिलाओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

Related Posts