Law / Legal

चाईबासा में दो पुलिस अधिकारियों को उपाधीक्षक पद पर प्रोन्नति, पिपिंग समारोह संपन्न,पारस राणा को उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

 

चाईबासा: गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार, रांची की अधिसूचना संख्या 12/पी.5-1004/2024-2632, दिनांक 25 जून 2025 के तहत पुलिस निरीक्षकों को पुलिस उपाधीक्षक के पद पर प्रोन्नत किया गया है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस उप-महानिरीक्षक सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्रीय कार्यालय, चाईबासा में पिपिंग समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा (भा.पु.से.) तथा पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन (भा.पु.से.) ने नवप्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षक तरुण कुमार और राजीव रंजन को कंधे पर स्टार लगाकर सम्मानित किया। दोनों अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण पदोन्नति पर शुभकामनाएं भी दी गईं।

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) पारस राणा (भा.पु.से.) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, बहामन टूटी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पारस राणा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल रहा।

डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि यह पदोन्नति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पुलिस विभाग की कार्यकुशलता और समर्पण का भी परिचायक है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य करते रहने की अपील की।

पिपिंग समारोह सादगी लेकिन गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विभागीय अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Related Posts