बोकारो : धान रोप रहीं महिलाओं पर गिरी आकाशीय बिजली, दो की मौत, तीन घायल
बोकारो। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित हुड़ार गाढ़ा इलाके में सोमवार की शाम एक हृदयविदारक घटना घटी। खेत में धान रोप रही महिलाओं पर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।
घायल महिलाओं को तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक महिलाओं की पहचान मीरा देवी (35 वर्ष), पति राजेश कालिंदी एवं पार्वती देवी (55 वर्ष), पति स्व. उद्धव कालिंदी के रूप में हुई है। वहीं, घायल महिलाओं में मोहिनी कुमारी (18 वर्ष), पिता अनादी कालिंदी, काजल देवी (40 वर्ष), पति अनादी कालिंदी तथा नियती देवी (35 वर्ष), पति अनंत कालिंदी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चास अंचलाधिकारी दिवाकर दुबे, कर्मचारी मनोज कुमार मिश्रा, पंचायत के मुखिया गुलाम अंसारी, समाजसेवी योगेश्वर महतो, हजारी प्रसाद महतो समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढ़स बंधाया। अंचलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन विभाग से मिलने वाली मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार, गांव के ही चिनिवास मंडल के खेत में ये सभी महिलाएं धान रोपने का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और वज्रपात से मीरा देवी एवं पार्वती देवी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस उप निरीक्षक अनिल कुमार यादव एवं सीओ दिवाकर दुबे की उपस्थिति में दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक मीरा देवी के पति तमिलनाडु में रोजगार के सिलसिले में गए हुए हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं घायल महिलाओं के परिवार भी इस अप्रत्याशित घटना से स्तब्ध हैं और अस्पताल में उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।