आवारा कुत्तों की वजह से दो पड़ोसियों में खूनी संघर्ष, कपड़े फाड़ने और छिनतई के लगे आरोप

न्यूज़ लहर संवाददाता
आदित्यपुर: मांझीटोला में आवारा कुत्तों को लेकर मंगलवार सुबह दो पड़ोसियों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया और दोनों पक्ष आदित्यपुर थाना पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, रणविजय सिंह का परिवार स्ट्रीट डॉग और आवारा पशुओं की देखभाल करता है तथा एक एनजीओ भी संचालित करता है। उनके घर के आसपास बड़ी संख्या में कुत्ते रहते हैं। मंगलवार सुबह इन्हीं में से एक कुत्ता नगर निगम शौचालय के पास रहने वाले बुद्ध सिंह के घर के बाहर शौच कर दिया। इससे नाराज़ होकर बुद्ध सिंह और उनके परिवार ने रणविजय सिंह के परिवार पर हमला कर दिया।
इस घटना में रणविजय सिंह के पुत्र और पुत्री को चोटें आई हैं। रणविजय सिंह की पुत्री ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए और मोबाइल, चेन तथा पैसे छीन लिए गए। वहीं, दूसरी ओर बुद्ध सिंह ने भी मारपीट और सामान छिनने का आरोप लगाया है।
दोनों पक्षों ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।