Regional

अनुष्का मुंडरी का सी.ई.एस.सी. रीजनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयन, संत जेवियर्स स्कूल चक्रधरपुर का नाम किया रोशन

 

चक्रधरपुर: लिटिल फ्लावर स्कूल, टेल्को, जमशेदपुर में आयोजित सी.ई.एस.सी. जोनल सिलेक्शन ताइक्वांडो प्रतियोगिता में संत जेवियर्स स्कूल, चक्रधरपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में कुल चार खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से तीन ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं की छात्रा अनुष्का मुंडरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनके इस प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी सी.ई.एस.सी. रीजनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो 1 अगस्त से मधुपुर में आयोजित होने वाली है। इसके अतिरिक्त रोशन चाकी और जय प्रिंस बांकिरा ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि साहिल ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर सराहनीय प्रदर्शन किया।

विद्यालय के प्राचार्य फादर एस. पुथुमय राज ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा यह हमारे विद्यालय और चक्रधरपुर क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। इन बच्चों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह सफलता हासिल की है। हम सभी उन्हें आगामी रीजनल टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

विद्यालय की उप प्रधानाध्यापिका समेत शिक्षकों ने भी छात्रों को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं।
वहीं पश्चिमी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनुराग शर्मा ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, “जब हमारे क्षेत्र के युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, तो वे समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। हम सभी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”

इस अवसर पर विद्यालय के खेल प्रभारी, खेल शिक्षक, अन्य शिक्षकगण एवं छात्र भी उपस्थित थे। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

Related Posts