Regional

पूर्वी सिंहभूम में अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन, स्कूलों और पेट्रोल पंपों पर दिया गया प्रशिक्षण

 

 

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को अग्निशमन विभाग द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। परसुडीह स्थित केन्द्रीय विद्यालय में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान छात्रों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में किए जाने वाले त्वरित उपाय, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग तथा सुरक्षित निकासी की विधियों की जानकारी दी गई। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विद्यालय कर्मियों और विद्यार्थियों में सतर्कता एवं आत्मविश्वास विकसित करना था।

इसके अलावा, भारत पेट्रोलियम सिदगोड़ा, भारत पेट्रोलियम टेल्को, सूरज ऑटोमोबाइल टेल्को, इंडियन ऑयल गोलमुरी तथा ऑटो सर्विस (हिंदुस्तान पेट्रोलियम) गोलमुरी में भी मॉक ड्रिल एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इन प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, सतर्कता बरतने और त्वरित कार्रवाई की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

जिला प्रशासन ने कहा है कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि स्कूल, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान, औद्योगिक इकाइयां और आम नागरिक अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें तथा किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक स्तर पर पूरी तरह तैयार रहें।

Related Posts