सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन में भ्रष्टाचार और मनमानी को लेकर रामहरि गोप का आरोप, मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम की ऐतिहासिक खेल संस्था सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन (SSA) में वर्षों से चल रही अनियमितताओं, चुनाव नहीं होने और खेल मैदान में व्याप्त बदहाली को लेकर अब आवाजें तेज़ हो गई हैं। एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष रामहरि गोप ने इस संबंध में झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र भेजते हुए SSA की मौजूदा तदर्थ समिति को अवैध घोषित कर उसे तत्काल भंग करने की मांग की है।
रामहरि गोप ने अपने पत्र में लिखा है कि SSA का आखिरी वैध चुनाव साल 2008 में संपन्न हुआ था, उसके बाद से आज तक किसी प्रकार का लोकतांत्रिक निर्वाचन नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विशेष लोगों का लंबे समय से एसोसिएशन पर एकतरफा नियंत्रण बना हुआ है, जिससे न केवल खेल गतिविधियों का विकास रुका है, बल्कि खिलाड़ियों को भी उपेक्षा और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है।
खेल मैदान की दुर्दशा और अवैध कब्जे
गोप ने बताया कि SSA के अंतर्गत आने वाले मैदानों में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। साथ ही, स्टेडियम परिसर में कई अवैध दुकानों का निर्माण किया गया है, जिन्हें कथित रूप से गुपचुप ढंग से आवंटित भी किया गया है। जब इस मामले में शिकायत के बाद जिला प्रशासन द्वारा स्टेडियम गेट को सील किया गया, तो राजनीतिक दबाव में अगले ही दिन गेट दोबारा खोल दिया गया, जिससे अवैध कब्जाधारियों को राहत मिली।
आंदोलन की चेतावनी
रामहरि गोप ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि SSA की व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया और निष्पक्ष चुनाव के जरिए नयी कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ, तो खिलाड़ी और सामाजिक संगठन राजधानी रांची में आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह स्थिति राज्य सरकार की खेल नीति की साख पर भी गंभीर सवाल खड़ा कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि SSA जैसे महत्वपूर्ण खेल संगठन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकारी स्तर पर हस्तक्षेप करते हुए तदर्थ समिति को समाप्त कर, स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया की पहल की जाए।
खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों ने भी SSA में सुधार की इस मांग का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द इस मामले में हस्तक्षेप करेगी।