Regional

बुंडू गांव में करैत सांप के डंसने से महिला की मौत, ग्रामीणों में शोक की लहर

 

गुवा

कोल्हान रिजर्व वन क्षेत्र अंतर्गत बुंडू पंचायत के बुंडू गांव में करैत सांप के डंसने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान शुरू अंगारिया (पति डांगुर अंगारिया) के रूप में हुई है। घटना बीती गुरुवार रात लगभग दो बजे की है, जब शुरू अंगारिया को करैत जैसे अत्यंत विषैले सांप ने डंस लिया। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए महिला को सेल की गुवा अस्पताल में आज शुक्रवार सुबह 4 बजे भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज शुरू हुआ, लेकिन विष का असर गहरा होने के कारण आज सुबह ही इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजन और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं में और भी जल्दी कार्रवाई हो। सांप काटने के बाद समय बर्बाद किए बिना सीधे अस्पताल में विशेषज्ञ उपचार लेना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं दोहराई न जाएं। बुंडू गांव में शुरू अंगारिया की मौत के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए परिजन और ग्रामीण जुटे हुए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि व पंचायत सदस्य भी शोक प्रकट करने पहुंचे। सांप डसने के बाद ग्रामीणों ने सांप को मार दिया है।

Related Posts