कांग्रेस संगठन सृजन बैठक में मुहल्ला कमिटी गठन और जनता की समस्याओं के समाधान पर जोर

जमशेदपुर ।पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार टेल्को प्रखंड कांग्रेस के तत्वावधान में संगठन सृजन अभियान के तहत शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार की अध्यक्षता में झगरूबगान, लक्ष्मीनगर में संध्या 6:30 बजे से किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड पर्यवेक्षक महेन्द्र मिश्र उपस्थित थे। जिलाध्यक्ष दुबे ने कहा कि टेल्को प्रखंड कांग्रेस के अंतर्गत टेल्को कॉलोनी मण्डल एवं जेम्को मण्डल में सभी मुहल्ला कमिटियों का शीघ्र गठन करें। संगठन में सामाजिक और कांग्रेस विचारधारा के लोगों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि मुहल्ला क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सभी बूथों का गठन भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमिटी और चुनाव आयोग के गाइडलाइन के अनुसार BLA-2 का चयन कर उसका फार्म भरने का निर्देश दिया। जिलाध्यक्ष ने आह्वान किया कि BLA-2 में प्रदेश नेता, वरिष्ठ नेता और अन्य सक्रिय पदाधिकारियों को जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि आगामी 20 जुलाई को चाईबासा में सुबह 10 बजे से प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और प्रखंड पर्यवेक्षक की अनिवार्य उपस्थिति रहेगी। इस प्रशिक्षण सत्र में प्रदेश सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता व्याख्यान देंगे।
प्रखंड पर्यवेक्षक महेन्द्र मिश्र ने कहा कि प्रखंड और मण्डल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर संगठन को मजबूत करें, जनता की समस्याओं को संकलित करें और मांग पत्र के माध्यम से संबंधित विभागों में आवाज बुलंद कर उनके समाधान का प्रयास करें।
बैठक में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे, महेन्द्र मिश्र, राज किशोर यादव, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।