नगर निकाय चुनाव में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, मुख्य सचिव को किया तलब; राजद ने कार्यकर्ताओं को किया सतर्क

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची। राज्य में स्थानीय शहरी निकाय चुनाव को लेकर दाखिल अवमानना याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हुई। यह याचिका निवर्तमान पार्षद रोशनी खलखो द्वारा दायर की गई थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई और राज्य के मुख्य सचिव को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। जस्टिस आनंदा सेन की अदालत में इस अवमानना याचिका पर सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विनोद सिंह ने पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार न्यायालय के आदेश को बाईपास कर राज्य में कानून के शासन का गला घोंट रही है। हाईकोर्ट ने अब इस मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई 2025 को निर्धारित की है।
नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड हाईकोर्ट के स्पष्ट संकेतों के बाद राज्य सरकार चुनाव कराने की दिशा में सक्रियता दिखा रही है। इस संदर्भ में राष्ट्रीय जनता दल ने कोल्हान के अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सतर्क किया है। पार्टी नेतृत्व ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि हम पूर्ण रूप से तैयार रहें और हर नगर निकाय क्षेत्र में पार्टी को मज़बूती से प्रस्तुत करें। पार्टी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर निगम और चाकुलिया नगर परिषद, सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम और सरायकेला नगर परिषद तथा पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा नगर निगम और चक्रधरपुर नगर परिषद में चुनाव होने हैं। पार्टी ने अपने संदेश में कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करें, संभावित प्रत्याशियों की पहचान करें, संगठन से समन्वय बनाएं और आम जनता से संपर्क कर पार्टी के सिद्धांतों और कार्यों को घर-घर तक पहुँचाएं। इस बार नगर निकाय चुनाव पार्टी चिह्न पर नहीं होगा, परंतु हर वार्ड में राष्ट्रीय जनता दल की मज़बूत उपस्थिति दर्ज होनी चाहिए। पार्टी ने कहा कि प्रत्याशी चयन में पारदर्शिता और लोकस्वीकृति को प्राथमिकता दी जाए। समाज के सभी वर्गों से संपर्क बढ़ाया जाए और जनसमर्थन मजबूत किया जाए। सभी पूर्व पार्षदों से भी संपर्क कर उनकी समस्याओं को जानें और पार्टी में चर्चा करें। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी के झंडे तले एकजुट होकर कार्य करें और जनता की सेवा, संगठन की शक्ति तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए आगे बढ़ें।