केन्द्रपोसी में सौतेले भाइयों ने मिलकर की लक्ष्मण हेंब्रम की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार

न्यूज़ लहर संवाददाता
सरायकेला :सरायकेला-खरसावां जिले के केंद्रपोसी गांव में पारिवारिक विवाद के चलते 50 वर्षीय लक्ष्मण हेंब्रम की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में उसके दो सौतेले भाइयों मनोज हेंब्रम और मदन हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को एसपी मुकेश लुनायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी रीना सोय ने सरायकेला थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 16 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे उसके पति लक्ष्मण हेंब्रम की हत्या कर दी गई। मनोज और मदन ने मिलकर ग्राम रंगपुर (सालडीह) के नया पुलिया के पास धान के खेत में किचड़ में उसका सिर दबा दिया और फिर बड़े पत्थर से कुचलकर उसे मार डाला।
एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मदन हेंब्रम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर कई साक्ष्य बरामद हुए।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त बड़ा पत्थर, आरोपियों की स्कूटी (JH05BJ-3174), मदन हेंब्रम का स्कीन टच मोबाइल और घटना के वक्त पहना गया खून से सना टीशर्ट जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज हेंब्रम उर्फ चोंगो उर्फ मंगल हेंब्रम और मदन हेंब्रम उर्फ चोके, पिता स्व. कृष्णा हेंब्रम, निवासी केंद्रपोसी, थाना सरायकेला, जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में हुई है। दोनों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला, पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, थाना प्रभारी विनय कुमार, पु.अ.नि. रामरेखा पासवान, पु.अ.नि. अमिश कुमार, पु.अ.नि. गार्टी सुंडी, हवलदार राजेश उरांव, आरक्षी अरुण कुमार महतो, चालक शेमेन्द्र कुमार और तकनीकी शाखा सरायकेला की अहम भूमिका रही।