Regional

बड़कुंवर गागराई ने महादेव शाल में टेका माथा, राज्य सरकार को दी सद्बुद्धि की कामना, बोले जनता हताश है, सिर्फ योजनाएं बना देना काफी नहीं, अमल ज़रूरी

 

गोइलकेरा: सावन के पवित्र माह में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध महादेव शाल मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और माथा टेका। इस मौके पर उन्होंने झारखंड की शांति, समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की।

मंदिर में दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री गागराई ने झारखंड की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, आज राज्य की जनता निराश और हताश बैठी है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। मैंने बाबा भोलेनाथ से यही प्रार्थना की है कि वे वर्तमान सरकार को सद्बुद्धि दें, ताकि वह जनता के दुःख-दर्द को समझ सके और किए गए वादों को निभा सके।

उन्होंने कहा कि केवल योजनाएं बना देने से कुछ नहीं होता, जब तक उन्हें धरातल पर उतारकर अमल नहीं किया जाए। “जनता अब जागरूक हो चुकी है, और वह देख रही है कि कौन केवल वादे करता है और कौन उन पर अमल करता है,” उन्होंने कहा।

इस धार्मिक यात्रा के दौरान उनके साथ समाजसेवी डॉ. मनोज कोड़ाह, दुनिया कुम्भार, उग्रसेन, राजकुमार सिन्हा, सुनील गुप्ता, हरिंदर प्रधान, अमित गिलुवा, चंदन गागराई, चन्द्रशेखर मेराल समेत कई भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर बाबा भोलेनाथ से राज्य के कल्याण और विश्व में अमन-चैन की कामना की।

भक्तों की भारी भीड़ और आध्यात्मिक वातावरण में बड़कुंवर गागराई की यह यात्रा एक भावनात्मक और राजनीतिक संदेश लिए हुए रही।

Related Posts