चाईबासा में सुमित सिंह यादव हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार, तीन फरार

चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी नीमडीह में 14 जुलाई को सुमित सिंह यादव की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापामारी की जा रही है। मृतक सुमित सिंह यादव, पिता राजकुमार सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता के फर्द बयान के आधार पर सदर थाना में कांड संख्या 56/25, दिनांक 14.07.2025 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1)/303(2)/3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चाईबासा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सदर थाना और मुफ्फसिल थाना के प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और मानव आसूचना के आधार पर कुल पांच आरोपियों की पहचान की। लगातार छापामारी के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिजीत अधिकारी (28 वर्ष), पिता स्वर्गीय शिव दास अधिकारी, निवासी छोटा नीमडीह, थाना सदर, वर्तमान में दुम्बीसाई यमुना निवास पुतकर देवगम के घर में किरायेदार (थाना मुफ्फसिल) और सौरभ राज उर्फ विक्टर (20 वर्ष), पिता सुनील कुमार सिन्हा, निवासी न्यू कॉलोनी टुगरी, नियर नेहरू चौक, थाना मुफ्फसिल, चाईबासा शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पूर्व की रंजिश बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी अभिजीत अधिकारी के पास से खून से सना शर्ट बरामद किया है, जिस पर मृतक सुमित सिंह यादव का खून लगा हुआ पाया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने बताया कि फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।