भारत स्काउट्स एंड गाइड्स चक्रधरपुर के लिए गौरवपूर्ण दिवस, अदिति कुंडू को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित

न्यूज़ लहर संवाददाता
चक्रधरपुर। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स चक्रधरपुर मंडल के लिए मंगलवार का दिन गौरव और सम्मान का दिन रहा। चक्रधरपुर की समर्पित रेंजर सुश्री अदिति कुंडू को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के करकमलों से प्रदान किया गया।
अदिति कुंडू की इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल चक्रधरपुर मंडल का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे स्काउटिंग समुदाय के लिए एक प्रेरणा का स्रोत भी बनी हैं। उनके समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना ने यह सिद्ध कर दिया है कि लगन और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मंडल के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं साथी रेंजर्स ने अदिति की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह सम्मान चक्रधरपुर के युवाओं को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।