समाजसेवी समुएल पूर्ति बने एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश महासचिव

चाईबासा: भ्रष्टाचार के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाने वाले और समाजसेवा में लगातार योगदान दे रहे समुएल पूर्ति को एंटी करप्शन ऑफ इंडिया ने झारखंड राज्य का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संगठन की कोर कमेटी की सर्वसम्मति से हुई, जो श्री पूर्ति की जनहित और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
श्री पूर्ति खूंटी जिले के ग्राम मदहातु, मलुटी (वाया कण्डेर) के निवासी हैं और वर्षों से सामाजिक न्याय एवं भ्रष्टाचार विरोधी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहे हैं। उनके सामाजिक योगदान और ईमानदार छवि को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष रामहरि गोप ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए आशा जताई कि श्री पूर्ति संगठन के संविधान का पालन करते हुए निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। साथ ही, संगठन ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी प्रेषित की हैं।
यह मनोनयन तत्काल प्रभाव से लागू होगा और इसकी जानकारी झारखंड सरकार के मुख्य सचिव, सूचना एवं प्रसारण विभाग तथा राज्य के पुलिस महानिदेशक को भी प्रतिलिपि के माध्यम से दी गई है।
इस नियुक्ति से राज्य में पारदर्शिता और जनहित के कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।