जमशेदपुर में महिला कांग्रेस का संगठन विस्तार, नारी न्याय और रक्त हस्ताक्षर अभियान शुर
जमशेदपुर। शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने रविवार को बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय (तिलक पुस्तकालय) में संगठन सृजन अभियान के तहत बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा ने की। इस मौके पर ‘नारी न्याय अभियान’ और ‘नारी रक्त हस्ताक्षर अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन सिंह मौजूद रहीं। उनका स्वागत जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने अंगवस्त्र देकर किया। जिलाध्यक्ष दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि अब समय आ गया है जब महिलाएं सिर्फ घर तक सीमित न रहकर प्रखण्ड और मंडल कमिटी को मजबूत करें और राष्ट्र को नई दिशा दें। उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार का आरोप लगाया और कहा कि इनका मजबूती से विरोध किया जाएगा।
मुख्य अतिथि गुंजन सिंह ने कहा कि पूरे देश में नारी न्याय यात्रा और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मोदी सरकार में महिलाओं पर अत्याचार, बलात्कार और उनके अधिकारों का हनन बढ़ता जा रहा है। झारखंड के सभी जिलों में ‘नारी रक्त हस्ताक्षर अभियान’ चलाया जाएगा, ताकि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके और अत्याचार का विरोध हो सके।
जिला महिला अध्यक्ष नलिनी सिन्हा ने कहा कि जमशेदपुर में नारी न्याय यात्रा सफल रही है। अब प्रखण्ड और मंडल स्तर पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी प्रखण्ड अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को इसके लिए तैयार रहने को कहा।
बैठक में ऊषा सिंह, नूरजहां वारसी, गायत्री दास, पुनीता चौधरी, जिला कोऑर्डिनेटर सीताराम चौधरी, जिला महिला पदाधिकारी, प्रखण्ड अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।