Crime

शारदा गाँव के पास हवाई फायरिंग कर रहे दो युवक गिरफ्तार, हथियार व मोबाइल बरामद

 

चाईबासा: आज शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर बहामन टूटी ने प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक, प० सिंहभूम चाईबासा को गुप्त सूचना मिली कि शारदा गाँव के पास एनएच-75 चक्रधरपुर-चाईबासा मार्ग पर दो युवकों द्वारा हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची।

मौके पर पहुँचते ही पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर एक युवक के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुई। हथियार के वैध कागजात मांगने पर युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद दोनों आरोपियों को स्थानीय लोगों के सामने अवैध हथियार के साथ विधिवत रूप से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुधलाल अंगरिया (उम्र 28 वर्ष), पिता जारोई अंगरिया, ग्राम बोरोई, थाना गोईलकेरा, जिला प० सिंहभूम और बिरसा गागराई (उम्र 25 वर्ष), पिता चरण गागराई, ग्राम चिटपील, पोस्ट झरडारा, थाना टोकलो, जिला प० सिंहभूम चाईबासा के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। बुधलाल अंगरिया के खिलाफ पूर्व में भी मुफ्फसिल थाना कांड सं. 115/2021, धारा 457/380 भा.द.वि. के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल, 33 एमएम की एक जिंदा गोली और दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं।

मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 123/25, दिनांक 24.07.2025, धारा 25(1-B)a/27/35 आर्म्स एक्ट 1959 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

छापेमारी दल में थाना प्रभारी पु०अ०नि० चन्द्र शेखर, स०अ०नि० निमाई टुडू, स०अ०नि० यदुनन्दन महतो, स०अ०नि० औरंगजेब खान सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Posts