अटल जी का नाम हटाने के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, हेमंत सोरेन का किया पुतला दहन

चाईबासा: झारखंड सरकार द्वारा राज्यभर में स्थापित “अटल मोहल्ला क्लिनिक” का नाम बदलकर “मदर टेरेसा क्लिनिक” किए जाने के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा पोस्टऑफिस चौक, चाईबासा में जोरदार प्रदर्शन किया गया। विरोधस्वरूप मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के निर्णय को जनविरोधी, तुष्टिकरणकारी और राष्ट्रनायकों का अपमान बताया गया।
इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन तियु ने किया। भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और आमजनों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यह निर्णय न केवल भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जैसे राष्ट्रनायक के सम्मान का अपमान है, बल्कि झारखंड की जनता की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला है।
जिलाध्यक्ष संजय पांडे, वरिष्ठ नेत्री गीता बलमुचु, भाजपा नेता रामानुज शर्मा, राकेश बबलू शर्मा, प्रताप कटियार, हेमंत केसरी, रंजन प्रसाद, मुकेश कुमार लल्लू, नितिन विश्वकर्मा, अंगद साव, पवन शर्मा, जगदीश निषाद, रूपा दास, रानी बंदिया, मृदुला निषाद, हेमंती निषाद, हर्ष रवानी, संजय गोप, पप्पू राय, रोहित दास सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रमुख वक्ताओं ने कहा कि अटल जी केवल एक नेता नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माता थे। उनके नाम पर चल रहे क्लिनिकों का नाम बदलना हिंदू समाज की भावनाओं के खिलाफ है और यह तुष्टिकरण की राजनीति का एक और उदाहरण है।
भाजपा युवा मोर्चा की प्रमुख माँगें इस प्रकार हैं:
1. अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम को क्लिनिकों पर तत्काल बहाल किया जाए।
2. नाम बदलने का आदेश रद्द किया जाए।
3. राज्य सरकार सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
4. भविष्य में किसी भी राष्ट्रनायक के नाम के साथ राजनीतिक छेड़छाड़ न की जाए।
भाजपा युवा मोर्चा ने साफ चेतावनी दी कि यदि यह निर्णय शीघ्र वापस नहीं लिया गया, तो राज्यभर में तीव्र जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों की भी बड़ी भागीदारी रही। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।