नाई विकास मंच, चाईबासा की बैठक संपन्न, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

चाईबासा: नाई विकास मंच एवं नाई विकास मंच महिला मोर्चा, चाईबासा की एक संयुक्त बैठक कैफेटेरिया के समीप सामुदायिक भवन में आयोजित हुई। बैठक में समाज की एकता और विकास को लेकर चर्चा की गई तथा मंच के नए पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
बैठक में राजीव ठाकुर को अध्यक्ष, पटल ठाकुर को उपाध्यक्ष, रमेश प्रमाणिक को सचिव, दीपनंदन ठाकुर को सहसचिव, दिनेश ठाकुर को कोषाध्यक्ष तथा रंजन ठाकुर को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। महिला मोर्चा की ओर से पूनम ठाकुर को सचिव सह कोषाध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव ठाकुर ने कहा कि समाज के बच्चों के लिए सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि वे भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन कर सकें। उपाध्यक्ष पटल ठाकुर ने सभी सदस्यों से हर माह के अंतिम शनिवार को अपने सैलून बंद कर बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की।
महिला मोर्चा की पूनम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि पुरुष सदस्य अपनी पत्नियों को भी बैठक में साथ लाएं ताकि महिला मोर्चा को मजबूती मिले।
कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल विजय दिवस के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। अंत में महिला मोर्चा की सदस्य काजल देवी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम उपरांत सभी सदस्य स्व. ज्योतिष ठाकुर के परिजनों से मिलने पहुंचे और समाज की ओर से सांत्वना प्रकट की।