इनारवरण में बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की कांवर यात्रा का स्वागत, शिव तांडव और मशान होली बनी आकर्षण एक कांवरिया की तबीयत बिगड़ी, बांका सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती

देवघर| बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ द्वारा आयोजित आठ दिवसीय कांवर यात्रा मंगलवार को अपने पांचवें दिन इनारवरण के बाबा भूतनाथ धर्मशाला पहुंची, जहां श्रद्धालु कांवरियों के स्वागत के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिव तांडव और मशान होली की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे यात्रा में शामिल कलाकारों ने भक्ति गीतों के साथ जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कांवरियों के लिए दोपहर भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई थी। संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि इनारवरण में विश्राम के बाद यात्रा बाबा नगरी देवघर के लिए प्रस्थान करेगी, जहां जलार्पण के उपरांत मारवाड़ी कांवर संघ में विश्राम और भोजन की व्यवस्था रहेगी।
इस दौरान सोनारी निवासी कांवरिया दिलीप ठाकुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें जलेबिया पहाड़ स्थित बिहार सरकार के स्वास्थ्य सेवा क्लिनिक में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां जांचोपरांत उन्हें भर्ती कर लिया गया। विकास सिंह ने बताया कि शेष सभी कांवरिया स्वस्थ और यात्रा के लिए पूरी तरह तैयार हैं।