Regional

संगठन सृजन अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम में चार पंचायत अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र प्रदान

 

जमशेदपुर। संगठन सृजन अभियान 2025 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बागबेड़ा मण्डल अध्यक्ष राजनारायण यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में चार पंचायत अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को पंचायत स्तर से बूथ स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पंचायतों में कांग्रेस कमेटियों का गठन किया जाए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाए।

उन्होंने कहा कि बूथ कांग्रेस कमेटी का गठन और BLA-2 का चयन अनिवार्य रूप से किया जाना है, जिसके लिए फार्म भरना आवश्यक है। जिलाध्यक्ष ने बागबेड़ा मण्डल के बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत अध्यक्ष भवनाथ सिंह, मध्य बागबेड़ा के करम दयाल मुंडा, पूर्वी बागबेड़ा के रवि यादव और उत्तर-पूर्वी बागबेड़ा पंचायत अध्यक्ष कुंज बिहारी प्रसाद को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही पंचायतवार बैठक कर संगठन विस्तार का आह्वान किया गया।

उन्होंने सभी प्रखण्ड पर्यवेक्षकों, प्रखण्ड अध्यक्षों, मण्डल अध्यक्षों और संगठन प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे गांव-गांव जाकर बैठकें आयोजित करें, आम जनता की समस्याओं को सुनें और उनका समाधान करें। आनन्द बिहारी दुबे ने जिले की सभी 55 पंचायतों में कमेटियों के गठन और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

बैठक के दौरान परसुडीह मण्डल कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संगठन प्रभारी बलजीत सिंह बेदी भी अचानक हलुदबनी स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और संगठन सृजन अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मण्डल कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को पंचायत कांग्रेस कमेटी, बूथ कमेटी और BLA-2 का गठन मजबूती से करना होगा ताकि आगामी समय में कांग्रेस एक मजबूत और जनहितकारी केंद्र सरकार बना सके।

बैठक में प्रखण्ड पर्यवेक्षक अखिलेश सिंह यादव, मण्डल पर्यवेक्षक महेन्द्र पाण्डेय, प्रखण्ड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, प्रदेश सचिव खगेनचन्द्र महतो, जिला उपाध्यक्ष ब्रजेन्द्र कुमार तिवारी, संजय सिंह आजाद, जिला महामंत्री अपर्णा गुहा, अजय मंडल, संजय झा संत, रंजीत सिंह, दिलीप कुमार गुप्ता, हंसपाल सिंह, टाटानगर मण्डल अध्यक्ष मुन्ना मिश्रा समेत कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Posts