Regional

बढ़ रही हैं सर्पदंश की घटना मंगलवार को चार लोगों को सांप ने डसा, एक की मौत

कोडरमा। जिले में सर्पदंश के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते एक महीने में सर्पदंश के दर्जनों मामले कोडरमा में सामने आए हैं। जिसमें कुछ की मौतें भी हो गई हैं। नए मामला में मंगलवार को चार सर्पदंश के मामले सामने आए हैं। जिसमें एक की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य का ईलाज सदर अस्पताल में जारी है। जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत चोपनाडीह पंचायत के बेलाही गांव में मंगलवार को सांप के डसने से एक व्यक्ति की मौत मौत हो गई। मृतक की पहचान बेलाही गांव निवासी 45 वर्षीय बिनोद यादव के रूप में की गई है। मृतक के भतीजे रौशन कुमार ने बताया कि मंगलवार की सुबह उसके चाचा खेत में धान के बिहन की रोपाई के लिए गए हुए थे। दोपहर के करीब साढ़े 12 बजे एक जहरीले सांप ने उनके अंगूठे में डंस लिया। जिससे वे जोर से कराहने लगे। उनकी चीख सुनकर हमलोग उनके पास पहुंचे तो देखा कि एक करैत सांप वहां से भाग रहा था। हमलोग चाचा को आनन-फानन में एक निजी वाहन से लेकर सदर अस्पताल लाया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर पाकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। बताते चलें कि मृतक बिनोद राज मिस्त्री का काम करते थे। फिलहाल वे खेती के काम में लगे हुए थे। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी व तीन पुत्री को छोड़ गए हैं।

ये हुए सर्पदंश के शिकार

मंगलवार को जिले में सर्पदंश के कुल चार लोग शिकार हुए हैं। जिसमें मरकच्चो थाना क्षेत्र के 45 वर्षीय बिनोद यादव, चंदवारा थाना क्षेत्र निवासी 48 वर्षीय अशोक शर्मा, जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरमाटांड़ की 17 वर्षीया सोनम कुमारी तथा कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी 55 वर्षीय सच्चिदानंद भारती के नाम शामिल हैं। जिसमें बिनोद यादव की मौत हो चुकी है, जबकि बाकी अन्य इलाजरत हैं।

Related Posts