Regional

घरेलू महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही ‘नारी’ संस्था, 2-3 अगस्त को मिलानी हॉल में होगा प्रदर्शनी-सह-सेल

 

जमशेदपुर। घरेलू महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत सामाजिक संस्था नारी द्वारा 2 और 3 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में दो दिवसीय प्रदर्शनी-सह-सेल का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, आभूषण और पारंपरिक व्यंजन शामिल होंगे।

संस्था की अध्यक्ष कुमकुम दत्ता ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि संस्था विगत तीन वर्षों से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। वर्तमान में संस्था से 30 से अधिक महिलाएं जुड़ चुकी हैं जो आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सफलतापूर्वक कदम बढ़ा रही हैं।

उन्होंने कहा, “मैं कुमकुम दत्ता, एक साधारण महिला हूं, लेकिन मेरा सपना है कि हर घरेलू महिला अपने पैरों पर खड़ी हो।”

कुमकुम दत्ता ने बताया कि ‘नारी’ संस्था विशेष रूप से घरेलू महिलाओं को मंच देने का कार्य करती है ताकि वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकें और समाज में अपनी एक अलग पहचान बना सकें। संस्था नियमित रूप से आभूषण निर्माण, हस्तशिल्प कला और पारंपरिक व्यंजन निर्माण जैसी गतिविधियों से महिलाओं को प्रशिक्षण देती है।

संस्था द्वारा समय-समय पर प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाता है जहां महिलाएं अपने बनाए उत्पादों को बेचती हैं। इससे न केवल उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, बल्कि वे अपने खर्च खुद उठाने में भी सक्षम हो रही हैं।

कई महिलाएं जो कभी घर से बाहर नहीं निकली थीं, आज आत्मविश्वास से ग्राहकों से संवाद कर अपने उत्पाद बेच रही हैं। संस्था समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए भी सक्रिय है – गरीब बच्चों को कपड़े वितरित करना और जरूरतमंद महिलाओं को सहायता देना संस्था की नियमित गतिविधियों में शामिल है।

कुमकुम दत्ता ने कहा, “हर महिला में कुछ खास होता है, बस उसे पहचानने और संवारने की जरूरत है।” उन्होंने बताया कि आज सैकड़ों महिलाओं के जीवन की दिशा बदली है और यह प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन का उदाहरण बन चुका है।

अंत में उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे मिलानी हॉल में आयोजित प्रदर्शनी में पहुंचकर घरेलू महिलाओं के प्रयासों का समर्थन करें और उनका हौसला बढ़ाएं। संवाददाता सम्मेलन में दीपिका बनर्जी भी उपस्थित थीं।

Related Posts