World

रूस के कामचटका में 8.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप, उत्तरी प्रशांत के देशों में सुनामी की चेतावनी

 

रूस: सुदूर पूर्व में बुधवार तड़के जबरदस्त भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 8.8 मापी गई। इस शक्तिशाली भूकंप का केंद्र कामचटका प्रायद्वीप के पास रहा, जो पृथ्वी की परतों में बड़ी हलचल का संकेत है। भूकंप के कुछ ही क्षणों बाद प्रशांत महासागर में विशाल सुनामी लहरें उठीं, जिसने रूस के साथ-साथ जापान, अमेरिका, न्यूजीलैंड, फिलीपीन और चीन तक खतरे की घंटी बजा दी। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने तुरंत अलास्का और हवाई सहित अमेरिकी तटवर्ती क्षेत्रों के लिए भी चेतावनी जारी की।

रूसी अधिकारियों के अनुसार, कुरील द्वीप समूह के सेवेरो-कुरील्स्क शहर में पहली सुनामी लहर पहुंची, जिससे बंदरगाह क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कुछ लोगों ने चिकित्सा सहायता जरूर ली, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि होक्काइडो से लेकर टोक्यो के उत्तर-पूर्वी हिस्सों तक 40 सेंटीमीटर तक ऊंची समुद्री लहरें देखी गईं हैं। सतर्कता बरतते हुए सरकार ने प्रशांत तटों के 133 नगरपालिकाओं में 9 लाख से अधिक लोगों को निकालने की सलाह दी है। देश के कई परमाणु ऊर्जा संयंत्रों, जिनमें फुकुशिमा भी शामिल है, में काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया है और कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि अब तक किसी परमाणु संयंत्र में गड़बड़ी की सूचना नहीं है।

वहीं, अमेरिका के प्रशांत क्षेत्रों में हवाई, ओरेगॉन और कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों में भी अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने और बंदरगाहों व मरीनाओं से बचने की सलाह दी गई है। ओरेगॉन के आपातकालीन विभाग ने कहा है कि रात 11:40 बजे के आसपास समुद्र में हल्की सुनामी लहरें उठ सकती हैं, जिनकी ऊंचाई 30 से 60 सेंटीमीटर के बीच हो सकती है।

न्यूजीलैंड में भी पूरे तटीय क्षेत्रों में लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे समुद्र से दूर रहें क्योंकि वहां तेज और असामान्य धाराएं और अप्रत्याशित लहरें आ सकती हैं।

फिलीपीन सरकार ने अपने पूर्वी तटवर्ती प्रांतों और द्वीपों में संभावित सुनामी लहरों के लिए अलर्ट जारी किया है। स्थानीय समय अनुसार दोपहर 1:20 से 2:40 बजे के बीच 1 मीटर तक ऊंची लहरें पहुंच सकती हैं। लोगों को समुद्र किनारे जाने से मना किया गया है।

चीन के सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी पूर्वी समुद्र तट पर 30 सेंटीमीटर से लेकर 1 मीटर तक ऊंची समुद्री लहरें उठने की संभावना जताई है। इस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

फिलहाल भूकंप के झटके थम चुके हैं, लेकिन प्रशांत क्षेत्र के अधिकांश देशों में सतर्कता बरती जा रही है। राहत और बचाव एजेंसियां सक्रिय हैं और समुद्र तटीय इलाकों से लोगों को हटाया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह भूकंप हाल के वर्षों में सबसे शक्तिशाली झटकों में से एक है, जो समुद्र की गहराई में आए बदलावों के कारण बड़े क्षेत्र में असर डाल सकता है।

Related Posts