नन्हीं बच्ची को मिला जीवनदान, DLSA चाईबासा और समाजसेवियों के प्रयास से हुआ सफल ऑपरेशन

चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) चाईबासा के तत्वावधान में एक डेढ़ वर्षीय बच्ची के जीवन को नई राह मिली। यह बच्ची — नाम: जोंगा केराई, पिता: शारदा केराई, निवासी: सुकड़ीपड़ा, थाना जेटिया, ब्लॉक: नुवामुंडी — सिर के आकार में असामान्य वृद्धि जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थी।
जोंगा की गंभीर स्थिति को देखते हुए DLSA चाईबासा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के निर्देश पर उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजा गया। इलाज के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने में श्री चौधरी ने विशेष पहल की।
इस कार्य में सदर अस्पताल चाईबासा के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिव चरण हसदा ने भी सहयोग प्रदान किया। रिम्स में बच्ची को भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ। जनता की ओर से सहयोग राशि मिलने पर विगत दिनों बच्ची का सफल ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के बाद आवश्यक MRI स्कैन के लिए आर्थिक मदद की जरूरत पड़ी, तब DLSA के सचिव रवि चौधरी के आदेश पर लायंस क्लब रांची की सचिव निशा सलूजा, अधिकार मित्र प्रीति पाल (रिम्स) और शांपा दास (मेंटल हॉस्पिटल) ने मिलकर बच्ची के लिए आर्थिक सहायता और MRI की व्यवस्था की।
चाईबासा से भी अधिकार मित्र सूरज कुमार ठाकुर, परमिला पत्रों और रेणु देवी ने संचार माध्यम से मार्गदर्शन देकर बच्ची को राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस समग्र प्रयास से यह बच्ची जल्द ही स्वस्थ होकर अपने घर लौटेगी। पूरे अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा के सचिव रवि चौधरी की विशेष भूमिका और समर्पण सराहनीय रही। यह उदाहरण दर्शाता है कि सामूहिक प्रयास और मानवीय संवेदनाएं मिलकर किसी के जीवन को नई दिशा दे सकती हैं।