Law / Legal

दुष्कर्म मामले में दोषी करार दिए गए पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना, कोर्ट में रो पड़े

 

 

 

 

 

बेंगलुरु। कर्नाटक में जन प्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत ने पूर्व सांसद और जेडीएस से निष्कासित नेता प्रज्वल रेवन्ना को दुष्कर्म के एक मामले में दोषी करार दिया है। यह फैसला शुक्रवार को सुनाया गया, जिससे राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है। कोर्ट के फैसले के दौरान प्रज्वल रेवन्ना फूट-फूट कर रो पड़े।

 

यह मामला मैसूर जिले के केआर नगर की एक घरेलू सहायिका द्वारा दर्ज कराया गया था, जिसमें पूर्व सांसद पर यौन शोषण और दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए गए थे। पीड़िता ने 14 महीने पहले यह शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच और सुनवाई के तेज़ी से आगे बढ़ने पर अब अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है।

 

विशेष अदालत के न्यायाधीश संतोष गजानन भट ने रेवन्ना को दर्ज चार मामलों में से एक मामले में दोषी माना है। अदालत शनिवार को सजा की अवधि की घोषणा करेगी।

 

गौरतलब है कि प्रज्वल रेवन्ना, जेडीएस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते हैं। पार्टी ने आरोप सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया था। इस फैसले को कर्नाटक की राजनीति में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है।

Related Posts