Regional

सोनारी एरोड्रम के पास चलती कार का दरवाजा खुलने से बाइक सवार टाटा स्टील कर्मी की मौत

 

 

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक लापरवाही ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। चलती कार का दरवाजा अचानक खुलने से बाइक सवार ठेका कर्मचारी चेतन शर्मा सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल चेतन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

 

सोनारी के कपाली बस्ती निवासी 40 वर्षीय चेतन शर्मा टाटा स्टील में ठेका सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थे। गुरुवार की शाम वे ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोनारी एरोड्रम के पास एक स्विफ्ट कार का दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे चेतन की बाइक सीधे दरवाजे से टकरा गई। टक्कर के बाद चेतन सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

स्थानीय लोगों की मदद से चेतन को पहले एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।

 

मृतक के भाई विकास शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित उसके चालक को थाना ले गई। चेतन अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।

 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बु रा हाल है।

Related Posts