यूसीआईएल सीएमडी पर महिला कर्मचारी ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संतोष कुमार सतपथी पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। जादूगोड़ा कॉलोनी की एक महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि 1 दिसंबर 2024 से 31 जुलाई 2025 के बीच डॉ. सतपथी ने उसके साथ बार-बार यौन उत्पीड़न किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
पीड़िता ने अपने बयान में बताया है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। भयभीत महिला अब अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है और पुलिस से मदद की गुहार लगा रही है। शुक्रवार को जादूगोड़ा थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले के सामने आने के बाद UCIL के कर्मचारियों और स्थानीय सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। सभी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, UCIL प्रबंधन ने अभी तक इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। पुलिस ने बताया है कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों तक भी पहुंचा दी गई है।
यह मामला न सिर्फ UCIL की आंतरिक कार्यप्रणाली और नैतिक छवि पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बन गया है। एक महिला कर्मचारी द्वारा अपने ही उच्चाधिकारी पर लगाए गए गंभीर आरोपों ने सुरक्षा और कार्यस्थल पर महिला सम्मान को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।