Regional

बर्मामाइंस में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण, रघुवर दास ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।पर्यावरण संरक्षण को समर्पित अभियान “एक पेड़ मां के नाम” के तहत शनिवार को बर्मामाइंस के रघुवर नगर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में केंद्र सरकार में राज्यपाल प्रतिनिधि माननीय रघुवर दास ने एक पौधा लगाकर किया। इस कार्यक्रम का आयोजन बर्मामाइंस भाजपा मंडल अध्यक्ष सूरज कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

रघुवर दास ने इस अवसर पर कहा कि “मां हमारे जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा होती हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान न केवल उन्हें सम्मान देने का एक सुंदर माध्यम है, बल्कि यह पर्यावरण को बचाने की दिशा में भी एक सार्थक कदम है। अगर हर व्यक्ति अपने जीवन में एक पेड़ भी अपनी मां के नाम पर लगाए और उसकी देखभाल करे, तो हम आने वाली पीढ़ियों को एक बेहतर पर्यावरण दे सकते हैं।”

कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने एक-एक पौधा लगाया और यह संकल्प लिया कि वे उन पौधों की नियमित देखभाल करेंगे। इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की अपील भी की गई ताकि पर्यावरण संरक्षण एक सामाजिक जिम्मेदारी बने।

इस कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इनमें जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूर्व अध्यक्ष रामबाबू तिवारी, पूर्व अध्यक्ष गुंजन यादव, पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार, जिला महामंत्री संजीव सिंह, जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, जिला मुख्यालय प्रभारी सुबोध झा, सूरज कुमार, अप्पा राव, दीपक झा, शशि सिंह, मारुति नंदन पांडे, मीना देवी, लक्ष्मी सिंह, सोमू सरदार और विनोद झा प्रमुख रूप से शामिल थे। इसके अतिरिक्त रघुवर नगर के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। पौधारोपण के बाद सांस्कृतिक गीतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। मंडल अध्यक्ष सूरज कुमार ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह सतत रूप से चलाया जाएगा। मंडल के कार्यकर्ता पौधों की देखभाल की नियमित निगरानी करेंगे और समय-समय पर समीक्षा बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।

इस अवसर पर सभी ने एक स्वर में कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि एक भावनात्मक और जिम्मेदार पहल है, जिससे समाज, प्रकृति और अगली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक संकल्प के साथ किया गया, जिसमें सभी ने हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी रक्षा करने का वचन लिया।

Related Posts