Regional

चाईबासा में 5 से 9 नवम्बर तक होगा ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटिंग शतरंज टूर्नामेंट, ₹3 लाख की इनामी राशि

 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित रूंगटा सीमेंट ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 5 नवम्बर से 9 नवम्बर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल, चाईबासा में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देशभर के 250 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है, जिनमें कुछ ग्रैंडमास्टर और अंतरराष्ट्रीय मास्टर भी शामिल हो सकते हैं।

इस भव्य आयोजन के परिपत्र का आज जिला शतरंज संघ की टीम ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार के समक्ष अनावरण किया। श्री कुमार, जो कि जिला शतरंज संघ के मुख्य संरक्षक भी हैं, ने संघ को प्रतियोगिता आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि “यह चाईबासा जैसे छोटे शहर के लिए गर्व की बात है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता यहां आयोजित हो रही है। इससे न सिर्फ खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों को भी बड़ा मंच मिलेगा।”

₹3 लाख की इनामी राशि, विजेता को ₹61,000
जिला शतरंज संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में कुल ₹3 लाख की नकद इनामी राशि रखी गई है।

प्रथम पुरस्कार: ₹61,000 व ट्रॉफी

द्वितीय पुरस्कार: ₹41,000

तृतीय पुरस्कार: ₹25,000

इसके अलावा शीर्ष 30 खिलाड़ियों के अलावा 23 विभिन्न श्रेणियों में भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही आयु वर्ग के शीर्ष खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

मुख्य निर्णायक होंगे अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर विशाल मिंज
प्रतियोगिता का संचालन अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर विशाल कुमार मिंज की देखरेख में होगा, जो मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने आयोजन समिति का आभार जताया और खिलाड़ियों के लिए उच्च स्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही। कार्यक्रम के संयोजक पुरुषोत्तम सराफ, संघ के संयुक्त सचिव अनंत लाल विश्वकर्मा और अर्पित खिरवाल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने जा रही इस शतरंज प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Posts