अनुसूचित जाति समाज ने रांची में दिया महाधरना, पूर्ण चंद्र कारुआ ने जताया समर्थन
चाईबासा: राज्य भर से आए अनुसूचित जाति समाज के हजारों लोगों ने शनिवार को राजभवन के समक्ष एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय महाधरना में भाग लिया। यह धरना अखिल भारतीय अनुसूचित जाति समन्वय समिति के तत्वावधान में 17 सूत्री मांगों को लेकर आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सूरज मुखी, टिंकू राम, राजू राम, टाइगर संदीप नायक और अशोक राम ने संयुक्त रूप से की। संचालन उपेंद्र कुमार रजक एवं संतोष रजक ने किया।
मौके पर अखिल भारतीय मूलनिवासी अनुसूचित जाति संघ के केंद्रीय महासचिव संजय कुमार मुखी, प्रदेश अध्यक्ष पूर्ण चंद्र कारुआ और प्रदेश सचिव सूरज मुखी सहित कई नेताओं ने समर्थन जताते हुए उपस्थिति दर्ज कराई।
संवैधानिक अधिकारों को लेकर समाज हुआ जागरूक:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्ण चंद्र कारुआ ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज अब अपने संवैधानिक अधिकारों को लेकर संगठित हो रहा है। यह धरना सरकार को ताकत दिखाने और समाज को दिशा देने वाला है।
सूरज मुखी ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के विरुद्ध नहीं, बल्कि समाज के हक-अधिकारों के लिए है। अनुसूचित जाति समाज अब चुप बैठने वाला नहीं है। प्रतिनिधि विधायक सदन में आवाज़ उठाएंगे और जनता सड़क पर संघर्ष करेगी।
मुख्य मांगे:
धरना के बाद राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया जिसमें 17 मांगें शामिल थीं, जैसे:
1. आयोगों व बोर्डों में अनुसूचित जाति को समुचित प्रतिनिधित्व।
2. अनुसूचित जाति आयोग की नियुक्ति।
3. BPL बच्चों के लिए आय सीमा ₹72,000 से बढ़ाकर ₹2 लाख।
4. अनुसूचित जाति परामर्शदात्री परिषद का गठन।
5. रांची में 500 बेड का छात्रावास।
6. अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में आवासीय विद्यालय।
7. सरल प्रक्रिया से प्रमाण पत्र निर्गत हो।
8. कर्मचारियों को नियमित पदोन्नति।
9. चौकीदार बहाली में आरक्षण।
10. जनसंख्या के अनुसार आरक्षण।
11. CNT एक्ट से मुक्ति।
12. सहकारिता निगम में प्रतिनिधित्व।
13. जनसंख्या आधारित परिसीमन और आरक्षण।
14. रांची मेयर सीट एससी के लिए आरक्षित हो।
15. सफाई कर्मचारी आयोग का गठन।
16. केंद्र में झारखंड से प्रतिनिधि नियुक्ति।
17. विधानसभा व हाईकोर्ट में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापना।
नेताओं ने कहा कि यह संघर्ष अब सिर्फ राजधानी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सभी जिलों और प्रखंडों तक फैलेगा। नवंबर-दिसंबर में ‘दलित महाजुटान’ के रूप में बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा।
उपस्थित प्रमुख लोग:
दिलीप भुईयां, गोविंद वाल्मीकि, डॉ जयप्रकाश कुमार, विनोद राजन, करण नायक, बंटी रविदास, जगदेव राम, अशोक रजक, सुमन देवी, कालू राम, हीर राजक, शिव पासवान, गौरव कुमार, अमित कुमार, रंजय भारती, संजय मुखी, पुरनचंद करवा, सत्येंद्र रजक समेत हजारों महिला-पुरुष मौजूद थे।