दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति – डॉ. पवन पांडेय

जमशेदपुर। झारखंड अलग राज्य आंदोलन के प्रणेता और झारखंड सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद परम आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर एनसीपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता डॉ. पवन पांडेय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में शिबू सोरेन जी का निधन झारखंड राज्य और यहां की राजनीति के लिए एक अभूतपूर्व क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
डॉ. पांडेय ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिशोम गुरु का पूरा जीवन संघर्ष, सेवा और प्रेरणा का प्रतीक रहा है। एक साधारण आदिवासी परिवार में जन्म लेकर उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, जनभावना के प्रति निष्ठा और संघर्षशील नेतृत्व के बल पर झारखंड के अलग अस्तित्व के सपने को साकार किया। उन्होंने साबित किया कि अगर इरादे मजबूत हों और दिल में जनता के लिए कुछ करने की भावना हो, तो हर मुश्किल को आसान बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन जी का योगदान केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और अधिकारों की लड़ाई में भी अहम रहा है। वे झारखंड के जनमानस के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे।
एनसीपी युवा मोर्चा की ओर से डॉ. पांडेय ने इस महान शख्सियत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति और परलोक में स्थान प्रदान करें।