झारखंड राज्य के जनक दिशोम गुरु शिबू सोरेन हम सभी के दिलों में अमर रहेंगे – आनंद बिहारी दुबे

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने झारखंड के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन जी का जाना झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। गुरूजी झारखंड राज्य के जनक के रूप में सदैव झारखंडवासियों के दिलों में जीवित रहेंगे।
जिलाध्यक्ष श्री दुबे ने कहा कि झारखंड के निर्माण में शिबू सोरेन की भूमिका ऐतिहासिक रही है। बिहार से अलग झारखंड राज्य की परिकल्पना को साकार करने में उनका लंबा संघर्ष और बलिदान शामिल रहा। वह हमेशा सभी वर्गों, जातियों और समुदायों को साथ लेकर चलने में विश्वास करते थे। उनका जीवन आदिवासी, गरीब और वंचित समाज के लिए एक आदर्श प्रेरणास्त्रोत है।
श्री दुबे ने कहा कि एक साधारण आदिवासी परिवार में जन्म लेकर जनभावनाओं के प्रति अटूट संकल्प के बल पर दिशोम गुरु ने संघर्ष की मिसाल कायम की। उनका जीवन सिखाता है कि अगर इरादे मजबूत हों और उद्देश्य जनसेवा का हो, तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
उन्होंने कहा कि 4 अगस्त 2025 को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उनका निधन झारखंड की राजनीति और सामाजिक चेतना के लिए एक युग का अंत है। कांग्रेस पार्टी की ओर से इस महान विभूति को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई है और ईश्वर से प्रार्थना की गई है कि वे उनकी आत्मा को शांति और परलोक में स्थान प्रदान करें।