Regional

झारखंड विधानसभा की कार्यवाही दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, श्रद्धांजलि स्वरूप गूंजा ‘शिबू सोरेन अमर रहें’ का नारा

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांचीः झारखंड आंदोलन के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। सोमवार को जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अपने शोक संदेश में स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने कहा, “आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत दुखद और शोक का दिन है। झारखंड के महान नेता, हमारे मार्गदर्शक, झारखंड आंदोलन के पुरोधा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन का आज सुबह निधन हो गया है।” उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड के वंचित समाज को अंधकार से निकालकर हक और अधिकार के प्रकाश की ओर ले जाने वाले नेता थे। उनका इस दुनिया से जाना केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए अपूरणीय क्षति है।

स्पीकर ने आगे कहा कि शिबू सोरेन सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। उनका जीवन संघर्षों और जनहित के लिए समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा, “हम सभी बहुत दुखित हैं कि बाबा अब हमारे बीच नहीं रहे।”

शोक व्यक्त करने के बाद स्पीकर ने विधानसभा की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। इस दौरान सदन ‘शिबू सोरेन अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। पूरा सदन भावुक माहौल में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिशोम गुरु को अंतिम विदाई देने की भावनाओं में डूबा नजर आया।

Related Posts