सत्र 2025-27 के चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी, दो नामांकन अवैध घोषित

चाईबासा: सत्र 2025-27 के लिए चैंबर चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को चुनाव समिति ने विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा कर दी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, अनुमंडल उपाध्यक्ष (चक्रधरपुर व जगन्नाथपुर) और कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए कुल 26 प्रत्याशियों के नाम सामने आए हैं।
अध्यक्ष पद के लिए कमल कुमार लाठ और निरंजन अग्रवाल आमने-सामने हैं।
उपाध्यक्ष पद (दो पद) के लिए गौरव मूंदड़ा, छोटेलाल तामसोय और मुदस्सर इमाम खान (जैकी) मैदान में हैं।
सचिव पद पर आयुष दोदराजका और पवन अग्रवाल के बीच मुकाबला है।
सह-सचिव पद (दो पद) के लिए जगविंदर प्रताप सिंह, मोहित सुल्तानिया और प्रमोद खिरवाल दावेदारी कर रहे हैं।
कोषाध्यक्ष पद पर शंभू पिरोजीवाला निर्विरोध मैदान में हैं।
इसके अलावा चक्रधरपुर अनुमंडल उपाध्यक्ष पद पर अजय कुमार शर्मा तथा जगन्नाथपुर अनुमंडल उपाध्यक्ष पद पर संतोष कुमार गुप्ता उम्मीदवार घोषित हुए हैं।
कार्यकारिणी सदस्य (11 पद) के लिए 11 नामों की घोषणा की गई, जिनमें रमेश पसारी, रवि अग्रवाल, सुष्मिता चटर्जी, राधा मोहन बनर्जी, मोहित चिरानिया, गणेश प्रसाद, अमित ठाकुर, गौतम रुंगटा, अविनाश खिरवाल, प्रकाश उपाध्याय और गौरी शंकर अग्रवाल शामिल हैं।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी बजरंग लाल चिरानिया ने बताया कि सभी नामांकन की वैधता जांच समयानुसार की गई। केवल कार्यकारिणी सदस्य पद को छोड़कर किसी अन्य पद के लिए कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई, और शेष सभी नामांकन वैध पाए गए।
हालांकि, कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए आठ उम्मीदवारों द्वारा लिखित शिकायत की गई कि छोटेलाल गुप्ता और अमरेंद्र मिश्र का नामांकन नियम के विरुद्ध है, क्योंकि चैंबर की नियमावली के अनुसार कोई भी सदस्य लगातार दो सत्र से अधिक कार्यकारिणी समिति का चुनाव नहीं लड़ सकता। जांच में यह पाया गया कि दोनों ही उम्मीदवार सत्र 2021-23 और 2023-25 में पहले ही निर्वाचित रह चुके हैं। अतः उनका नामांकन अवैध घोषित कर दिया गया।
चुनाव पदाधिकारी दिलीप अग्रवाल ने बताया कि नाम वापसी की अंतिम तिथि तक किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक इम्तियाज खान भी मौजूद थे।
अब सबकी निगाहें चुनावी प्रचार और मतदान प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।