दिशोम गुरु शिबू सोरेन को राष्ट्रीय जनता दल ने दी श्रद्धांजलि, बाल मंडली चाईबासा में आयोजित हुआ कार्यक्रम*

चाईबासा: झारखंड अलग राज्य आंदोलन के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से बाल मंडली चाईबासा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष पशुपति नाथ नायक ने की, जबकि संचालन शशिकांत ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर राजद पिछड़ा प्रकोष्ठ, झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि “दिशोम गुरु का झारखंड राज्य निर्माण में योगदान ऐतिहासिक है। उनके सतत संघर्ष के परिणामस्वरूप ही अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हो सका। उनके निधन से राज्य को अपूरणीय क्षति पहुंची है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें अपने चरणों में स्थान दें।”
राजद जिलाध्यक्ष पशुपति नाथ नायक ने कहा, “दिशोम गुरु सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि झारखंड के माटी के सच्चे सपूत थे। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनका संघर्ष और योगदान हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।”
सभा के दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सुनील साहू, पशुपति नाथ नायक, शशिकांत ठाकुर, पिताम्बर दास, प्रदीप सतकर्मकार, नरेंद्र प्रजापति, मथुरा साहू, प्रदीप ठाकुर, दिलीप ठाकुर, श्याम कुमार ठाकुर, आर्यन कुमार, देवकांत ठाकुर, ओम ठाकुर, हरिष ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे।
राजद नेताओं ने एक सुर में कहा कि दिशोम गुरु के विचार और संघर्ष हमेशा संगठन और समाज के बीच जीवंत रहेंगे।