शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि, शहादत दिवस मनाया गया

मनोहरपुर: उंधन चौक, मनोहरपुर में आज आदिवासी कुड़मि समाज एवं राजनीतिक पार्टी जेएलकेएम (JLKM) के पदाधिकारियों द्वारा झारखंड आंदोलन के शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित कर शहादत दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर अधिवक्ता सह युवा नेता महेंद्र जामुदा ने कहा कि, “निर्मल महतो के नेतृत्व में गठित तत्कालीन छात्र संगठन आजसू (AJSU) ने उनके शहादत के बाद जो क्रांतिकारी आंदोलन किया, उसने झारखंड राज्य की नींव रखने में निर्णायक भूमिका निभाई। यही कारण था कि केंद्र सरकार को झारखंड विषयक समिति गठित करनी पड़ी और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी व गृह मंत्री बूटा सिंह को वार्ता के लिए मजबूर होना पड़ा।”
कुड़मि समाज के कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण महतो ने कहा, “निर्मल महतो की शहादत व्यर्थ नहीं जाने दी जाएगी। जिस सोच और उद्देश्य के साथ झारखंड अलग राज्य बना, आज वह अधूरा है। राज्य के नौजवान शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि निर्मल महतो के सपनों को पूरा किया जाए।”
इस मौके पर कुड़मि समाज के कई स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख रूप से प्रखंड अध्यक्ष कदम्ब बिहारी महतो, प्रखंड सचिव भुवनेश्वर महतो, प्रखंड कोषाध्यक्ष अशोक कुमार महतो,
जेएलकेएम पार्टी के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य यथार्थ कुमार महतो, प्रखंड अध्यक्ष निशु जैक चम्पिया, भीमसेन सन्डिल, शिव कुमार, विजय देवगन, सुंदरलाल सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने निर्मल महतो के बलिदान को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।