बहुद्देशीय कार्यकर्ता भर्ती परीक्षा का शांतिपूर्ण आयोजन, उपायुक्त ने किया निरीक्षण

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) निधि से बहुद्देशीय कार्यकर्ता (पुरुष) पद पर भर्ती हेतु सोमवार को लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा टाटा कॉलेज, चाईबासा परिसर स्थित बहुउद्देशीय सभागार में संपन्न हुई।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार के निर्देशन में आयोजित यह परीक्षा पूर्णतः कदाचारमुक्त और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन हेतु उपायुक्त स्वयं परीक्षा केंद्र पहुंचे और संपूर्ण प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, DMFT मद से कुल 136 बहुद्देशीय कार्यकर्ता (पुरुष) पदों पर नियुक्ति हेतु यह भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है। परीक्षा में 708 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे, जिनमें से 621 उम्मीदवारों ने परीक्षा में भाग लिया। 87 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। बहुद्देशीय कार्यकर्ता पदों पर नियुक्ति से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता में सुधार की उम्मीद की जा रही है।
प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा आयोजन के लिए सभी संबंधित कर्मियों को धन्यवाद देते हुए आगे की चयन प्रक्रिया को भी पारदर्शी तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया है।