Regional

174वीं सीआरपीएफ बटालियन द्वारा भव्य बाइक रैली, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मिली नई ऊर्जा* 

 

 

चाईबासा: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आज 174वीं वाहिनी सीआरपीएफ चाईबासा द्वारा एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से पूरे शहर में देशभक्ति की भावना की लहर दौड़ गई। यह रैली बटालियन मुख्यालय से शुरू हुई और विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई शहीद चौक तक पहुंची।

 

रैली का नेतृत्व 174वीं बटालियन के कमांडेंट मनोज डंग के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में किया गया। जवानों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ बाइक रैली में भाग लिया। रैली का मार्ग डीपीएल गेट, गांधी टोला, पोस्ट ऑफिस चौक, घंटाघर, एपेक्स टावर और बस स्टैंड चौक होते हुए शहीद चौक तक रहा।

 

रैली के दौरान जवानों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ जैसे गगनभेदी नारों से पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। आयोजन का उद्देश्य जवानों में एकता, भाईचारा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करना था। साथ ही आम नागरिकों को राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश देना भी इस रैली का मुख्य उद्देश्य रहा।

 

रैली मार्ग पर स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल बरसाकर, तिरंगा लहराकर और जयघोष के साथ जवानों का जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लिए जवानों का उत्साहवर्धन किया।

 

इस अवसर पर कमांडेंट मनोज डंग के साथ द्वितीय कमान अधिकारी जितेंद्र कुमार, रजनीश कुमार, उप कमांडेंट डी.एन. सिंह, सहायक कमांडो शांति किस्कू सहित अन्य अधिकारी व जवान भी उपस्थित रहे।

 

समापन के अवसर पर जवानों को संबोधित करते हुए कमांडेंट मनोज डंग ने कहा, यह रैली सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी अटूट निष्ठा और समर्थन का प्रतीक है। हमें हर दिन इसी भावना के साथ देश की सेवा में तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने सभी जवानों को इसी ऊर्जा के साथ राष्ट्र सेवा में निरंतर प्रेरित रहने का संदेश भी दिया।

Related Posts