बिहार में मतदाता सूची घोटाले के खिलाफ कांग्रेस का मशाल जुलूस, जमशेदपुर में गूंजी नारेबाजी

जमशेदपुर।बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कथित वोट चोरी के मामलों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को जमशेदपुर में जोरदार मशाल जुलूस निकाला। साकची रामलीला मैदान से शुरू हुआ यह जुलूस साकची गोलचक्कर तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने इलेक्शन कमीशन और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
जुलूस का नेतृत्व झारखंड युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष सत्यम सिंह ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने जनता को मतदान का अधिकार दिलाने के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे, लेकिन आज वही अधिकार छीना जा रहा है। उनके मुताबिक, लाखों फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़कर उनसे वोट डलवाए जा रहे हैं, जबकि असली मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।
सत्यम सिंह ने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी इस स्थिति को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर आंदोलन चलाएगी।