जगन्नाथपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र

जगन्नाथपुर: “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत बुधवार, 13 अगस्त को जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं झारखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता तथा पूर्व सांसद गीता कोड़ा के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और मंडल अध्यक्षगण शामिल हुए। सभी देशभक्ति के जोश और तिरंगे के प्रति सम्मान से ओतप्रोत नजर आए।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत क्षेत्रीय कार्यालय से हुई, जो पूरे क्षेत्र में भ्रमण करती हुई प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “जय हिंद” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। क्षेत्र में हर ओर देशभक्ति का रंग नजर आया और लोगों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि भारत की एकता, शक्ति, बलिदान और गौरव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से जो आह्वान किया था कि हर गांव, हर घर, हर दिलों में तिरंगा को लहराना है, इस संकल्प को दोहराते हुए यह तिरंगा यात्रा निकल गई है
उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो लोग आज संवैधानिक संस्थाओं, विशेषकर चुनाव आयोग, पर सवाल खड़े कर रहे हैं, वे खुद इन्हीं संस्थाओं के जरिए चुनकर आए हैं। ऐसे दोहरे मापदंड उनकी राजनीति की सच्चाई को उजागर करते हैं।
श्रीमती कोड़ा ने कहा कि तिरंगा यात्रा भारत के स्वाभिमान और शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” में हमारे वीर सैनिकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। हमारा तिरंगा केवल तीन रंगों का मेल नहीं, बल्कि यह हमारी एकता, बल, साहस और गौरव का प्रतीक है।
यात्रा के समापन पर राष्ट्रगान गाया गया और सभी प्रतिभागियों ने तिरंगे के सम्मान में नतमस्तक होकर देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूती से स्थापित किया।