Regional

वीर सैनिकों के सम्मान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा जमशेदपुर

 

जमशेदपुर।आजादी के अमृत महोत्सव की प्रेरणा और देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करने के उद्देश्य से भाजपा युवा मोर्चा, जमशेदपुर महानगर द्वारा बुधवार को भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरुआत बागबेड़ा सिदो–कान्हू मैदान में वीर योद्धा सिदो–कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद शाम 4 बजे हजारों की संख्या में देशभक्त युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए यात्रा में भाग लिया। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए जमशेदपुर रेलवे स्टेशन चौक और वीर कुंवर सिंह चौक तक पहुंची। यात्रा में देशभक्ति गीत, सजे हुए घोड़े, ढोल–नगाड़ों की थाप और भारत माता की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रहे। सेना की वेशभूषा में सजे युवा घोड़ों के साथ यात्रा के अग्रिम भाग में चल रहे थे, जिससे माहौल जीवंत और प्रेरणादायी बन गया।

भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नीतिश कुमार ने कहा कि आज की तिरंगा यात्रा हमारे वीर सैनिकों को समर्पित है, जो सीमाओं पर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटते। हम यह संदेश देना चाहते हैं कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और भारत का हर नागरिक उनके सम्मान में खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देते हैं और देश के प्रति कर्तव्य केवल 15 अगस्त या 26 जनवरी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हर दिन हमें राष्ट्र के लिए कुछ योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश आनंद गोस्वामी, भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, BJYM जिला अध्यक्ष नीतिश कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा जिला प्रभारी सुजीत वर्मा, कृष्णा शर्मा, कृष्णा कांत शर्मा, बागबेड़ा मंडल अध्यक्ष अश्विनी तिवारी, घाघडीह मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार, अशोक मिश्रा, राजकमल यादव, सुबोध झा, विकास सिंह, पिंटू चौबे, मुकेश सिंह, मनोज सिंह सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Posts