Regional

भाजपा जमशेदपुर महानगर ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि सभा व मौन जुलूस आयोजित किया

 

जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने गुरुवार को देश के बंटवारे की पीड़ा को स्मरण करते हुए ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया। साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मौजूद रहे, जबकि प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले और मीरा मुंडा विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विभाजन में अपनी जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और विस्थापितों की यातनाओं को स्मरण किया गया।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि 14 अगस्त 1947 का विभाजन मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी थी, जिसमें लाखों लोग मारे गए, करोड़ों विस्थापित हुए और असंख्य महिलाओं व बच्चों ने अकल्पनीय पीड़ा सही। उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे के कारणों को समझना आवश्यक है और नई पीढ़ी को इतिहास की सच्चाई जाननी चाहिए। नंदजी प्रसाद ने विभाजन को अत्यंत कष्टदायी बताते हुए कहा कि पश्चिम और पूर्वी पाकिस्तान में हिंदुओं का जनसंहार हुआ। अमरप्रीत सिंह काले ने पीड़ितों को ‘रिफ्यूजी’ या ‘पाकिस्तानी’ कहने की निंदा करते हुए कहा कि यह दिवस एकता और सद्भाव का संदेश देता है।

गोष्ठी के बाद जिला भाजपा कार्यालय से साकची शहीद चौक तक मौन जुलूस निकाला गया। मंच संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने दिया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, दिनेश कुमार, कुसुम पूर्ति, नीरज सिंह, डॉ. राजीव, जटाशंकर पांडेय, कुलवंत सिंह बंटी, राजीव सिंह, प्रदीप बेसरा, संजीव कुमार, मिली दास, जितेंद्र राय, कृष्णा शर्मा काली, बिनोद सिंह, उज्ज्वल सिंह, नीतीश कुशवाहा, रमेश बास्के, बजरंगी पांडेय, काजू शांडिल, लकी सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Posts