कांग्रेस का “वोट चोर-गद्दी छोड़” कैंडल मार्च, निर्वाचन प्रक्रिया में धांधली का आरोप

जमशेदपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में “वोट चोर-गद्दी छोड़” प्रदर्शन सह कैंडल मार्च निकाला गया। गुरुवार की शाम तिलक पुस्तकालय स्थित कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ हुआ यह मार्च बिष्टूपुर पोस्टल पार्क तक पहुँचा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर मिलीभगत कर मतदाता सूची में हेराफेरी और आम मतदाता के अधिकार छीनने का आरोप लगाते हुए आक्रोश व्यक्त किया।
मार्च को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि कांग्रेस का हर पदाधिकारी सजग रहकर वोट चोरी का प्रतिकार करे। सभी प्रखंड और मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में जनता को अव्यवस्थाओं और मतदाता सूची में गड़बड़ियों की जानकारी दें ताकि जन आंदोलन खड़ा किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बूथों में एक ही घर के पते पर 80-80 लोगों के नाम जोड़े गए हैं, मतदाताओं के पते और पिता के नाम में हेराफेरी हुई है, तथा एक मतदाता का नाम कई बूथों में दर्ज कर फर्जी मतदान किया जा रहा है।
दुबे ने मांग की कि निर्वाचन आयोग मतदान दिवस का सीसीटीवी फुटेज कांग्रेस पार्टी को सौंपे और फर्जी मतदान कराने वालों व इसमें शामिल षड्यंत्रकारियों को जेल भेजा जाए। साथ ही, वोट चोरी के दम पर बनी सरकार को बर्खास्त करने की कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकतंत्र बचाने के लिए जन आंदोलन शुरू कर दिया है और इसमें आम जनता को भी आगे आना होगा।
इस कैंडल मार्च में आनंद बिहारी दुबे, राजकिशोर यादव, ब्रजेन्द्र कुमार तिवारी, कमलेश कुमार पाण्डेय, सामंता कुमार, रियाजुद्दीन खान, ओमप्रकाश उपाध्याय, संजय सिंह आजाद, अंसार खान, अखिलेश सिंह यादव, पवन कुमार बबलू, नलिनी सिन्हा, रईस रिजवी, अतुल गुप्ता, अमरजीत नाथ मिश्रा, शिल्पी चक्रवर्ती, रेनु मिश्रा, अशोक सिंह क्रांतिकारी, सन्नी सिंह, जसवंत सिंह जस्सी, गुरदीप सिंह, जी एस पदरी, अमृत पाल सिंह, मोहम्मद शब्बीर ऊर्फ लालबाबू, लखिंदर करूवा, अक्सर इमाम, अरविंद साहू, अरूण बारीक, गीता सिंह, सुनीता, बिजय पाण्डेय, सुशील घोष, अजय कुमार दास, राजेश कुमार, धीरज कुमार, त्रिनाथ, इन्द्रजीत सिंह, प्रदीप, कुमार गौरव, मुन्ना मिश्र, अजय, रवि राज, गुलाम सरबर, इंतिखाब, कमरान, संतोष सिन्हा, किशोर प्रसाद, मृत्युंजय प्रमाणिक, कृष्णाजी पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए।