Regional

हर घर तिरंगा अभियान के तहत चाईबासा में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा घड़ी घर चौक पर हुआ समापन, उपायुक्त ने दिलों में तिरंगा बसाने का किया आह्वान

 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2025 के तहत गुरुवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार ने किया। यात्रा जिला समाहरणालय परिसर से शुरू होकर घड़ी घर चौक तक निकाली गई, जहां इसका समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर पोड़ाहाट वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला खेल पदाधिकारी सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी, समाहरणालय कर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्कूली छात्र-छात्राएं, जेएसएलपीएस सखी मंडल की महिलाएं एवं आम नागरिक शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। बच्चे-बूढ़े सभी हाथों में तिरंगा लिए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

यात्रा के समापन पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य केवल घरों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और एकता की भावना को घर-घर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल झंडा नहीं, बल्कि हमारी स्वतंत्रता, एकता और वीरता का प्रतीक है।

उपायुक्त ने सभी से अपील की कि वे तिरंगे को अपने दिलों में स्थान दें और अपने कर्तव्यों के निर्वहन में देशभक्ति को सर्वोपरि रखें। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि तिरंगा उनके बलिदान की अमर गाथा है, जो हमें अन्याय के खिलाफ लड़ने और एकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

Related Posts