Regional

टाटानगर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति और एकता का दिया गया संदेश, सैकड़ों जवानों ने लिया भाग

 

जमशेदपुर: 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने किया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत साउथ सेटलमेंट स्थित सिविल डिफेंस कार्यालय से हुई, जो केंद्रीय विद्यालय, रेल ऑफिसर्स कॉलोनी, खास महल ट्रैफिक कॉलोनी होते हुए करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय कर टाटानगर स्टेशन के मुख्य द्वार पर समाप्त हुई।

यात्रा के दौरान जवानों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे राष्ट्रभक्ति नारों के साथ लोगों को देश के प्रति प्रेम और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेल सिविल डिफेंस के जवान और अधिकारी शामिल हुए।

यात्रा के समापन पर सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने उपस्थित जवानों को संबोधित करते हुए कहा, “तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। हम सभी से अपेक्षा है कि 15 अगस्त के दिन हर घर की छत पर तिरंगा फहराया जाए।”

इस अवसर पर अनिल कुमार सिंह, डी. आनंद राव, विमल पासवान, शिव शंकर प्रसाद, गोपाल चंद्र दास, महादेव दास, गुलशन कुमार, गीता कुमारी, कंचन कुमारी, दीपिका प्रधान, आलोक कुमार, अनुप कुमार साह, अनुराग कुमार पटेल, सुमित कुमार जयसवाल, पी. हरी बाबू, बलिराम सिंह, वीरेंद्र मंडल, अमित कुमार समेत अन्य सिविल डिफेंस जवान मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

Related Posts