Regional

झारखंड में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक ने दिए संदेश

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

रांची/रामगढ़।15 अगस्त 2025 – झारखंड में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यभर में समारोह का आयोजन हुआ। पुलिस मुख्यालय, रांची में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक ने परेड की सलामी ली और राज्य की कानून-व्यवस्था, नक्सल उन्मूलन, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की रोकथाम, साइबर अपराध नियंत्रण और पुलिस कल्याण से जुड़ी उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया।

पुलिस महानिदेशक का उद्बोधन

डीजीपी ने कहा कि जनवरी से जून 2025 के बीच झारखंड पुलिस ने 197 नक्सलियों को गिरफ्तार किया, 10 ने आत्मसमर्पण किया और 17 मुठभेड़ में मारे गए। नक्सल उन्मूलन अभियान में इस वर्ष 4 पुलिसकर्मी शहीद हुए।

संगठित अपराध के 12 अपराधियों और प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिज्ब उत-तहरीर के 5 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

अवैध मादक पदार्थ कारोबार में संलिप्त 484 लोगों को पकड़ा गया और 34.09 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए, जबकि 27 हजार एकड़ में लगी अफीम की फसल नष्ट की गई।

साइबर अपराध में 700 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हुई, 16 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए और 80 लाख रुपये पीड़ितों को लौटाए गए।

जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत 4000 से अधिक शिकायतें मिलीं, जिनमें से करीब 3500 का निपटारा किया गया।

पुलिस कल्याण कोष से 622 लाभार्थियों को 15 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई और 108 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति मिली।

महिला सुरक्षा के लिए सभी जिलों में हेल्पडेस्क, हेल्पलाइन नंबर और “महिला शक्ति कमांडो” दल गठित किए गए हैं।

 

मुख्यमंत्री का पैतृक गांव में झंडोत्तोलन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पैतृक गांव नेमरा, गोला, रामगढ़ में झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन उन स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने का है, जिनकी कुर्बानियों से देश को आजादी मिली। मुख्यमंत्री ने विकास, भाईचारे और खुशहाली के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

 

राज्यभर में देशभक्ति का उत्सव

राज्य के विभिन्न जिलों में स्वतंत्रता दिवस पर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण आयोजित किए गए। सरकारी भवनों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा लहराया गया और देशभक्ति गीतों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

Related Posts