भाजपा नेता गोपाल प्रसाद गुप्ता को नम आंखों से अंतिम विदाई*

हाटगम्हरिया: भारतीय जनता पार्टी पश्चिम सिंहभूम के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष और पूर्व जिला मंत्री गोपाल प्रसाद गुप्ता को पार्टीजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। शनिवार को उनके अंतिम संस्कार के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें पार्टी का झंडा ओढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष संजय पांडे, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री गीता बालमुचू, जिला महामंत्री प्रताप कटिहार महतो, वरिष्ठ नेता जे.बी. तुबिद समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्व. गुप्ता के कार्यों को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि गोपाल प्रसाद गुप्ता पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन भाजपा को समर्पित कर दिया। उनके निधन से पार्टी और समाज दोनों को अपूरणीय क्षति हुई है।
पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई ने कहा कि गोपाल जी हमेशा पार्टी कार्यों के लिए तत्पर रहते थे। उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वे बीमार चल रहे थे और उनका इलाज चाईबासा के मूंधड़ा हॉस्पिटल में चल रहा था। इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया।
श्री गुप्ता के अंतिम संस्कार में भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए। सभी ने उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी।