Regional

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि* 

 

 

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को स्मरण किया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत अटल जी के चित्र पर धूप दिखाकर की गई। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के पिछड़ा जाति मोर्चा के मंत्री हेमन्त कुमार केशरी ने उन्हें याद करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य थे, बल्कि उन्होंने अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता से भारतीय जनता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।

 

हेमन्त कुमार केशरी ने कहा कि अटल जी एक मृदुभाषी नेता थे, जिनकी बातें संसद में सभी को आकर्षित करती थीं। वे एक महान कवि भी थे, जो अपनी कविताओं के माध्यम से जनभावनाओं को सरलता से व्यक्त करते थे। पक्ष-विपक्ष सभी दलों के नेता उनके विचारों और व्यक्तित्व के कायल रहे।

 

उन्होंने यह भी कहा कि अटल जी हमेशा झारखंड को अलग राज्य बनाए जाने के पक्षधर रहे और अपने वादे के अनुसार प्रधानमंत्री बनने के बाद झारखंड राज्य का गठन भी किया। उनके इसी दृष्टिकोण और कार्यों के कारण वे आज भी सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के हृदय में जीवित हैं।

 

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला कार्यालय मंत्री अनंत शयनम, महिला मोर्चा की रूपा सिंह दास, कामेश्वर विश्कर्मा, नितिन विश्वकर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बारी-बारी से अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Related Posts